बंगाली सिनेमा और तृणमूल कांग्रेस की सासंद नुसरत जहां का आज जन्मदिन है। नुसरत का जन्म 8 जनवरी 1990 को कोलकाता में हुआ। नुसरत जहां ने फिल्मों में राज चक्रवर्ती की फिल्म शोत्रु से डेब्यू किया था। इसके बाद वे खोका 420 में नजर आईं। उनकी कुछ चर्चित फिल्मों में शामिल है खिलाड़ी, Sondhe Namar Agey और पावर। नुसरत का फिल्मी करियर ठीक-ठाक ही रहा है लेकिन अपने निजी जीवन को लेकर वे हमेशा विवादों में रहीं। चलिए नुसरत के जन्मदिन पर आपको बताते हैं उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें…
फिल्मों में आने से पहले नुसरत मॉडलिंग में अपना करियर बना रही थीं। नुसरत ने साल 2010 में मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसी साल वह फेयर वन मिस कोलकाता बनी थीं। नुसरत जहां (Nusrat Jahan) ने एक्ट्रेस से सांसद बनने तक का सफर भी बखूबी तय किया है। बंगाल की बशीरहाट सीट से चुनाव लड़ने वाली नुसरत जहां ने करीब 3.5 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी।
रेपिस्ट से जुड़ा नाम
जब नुसरत फिल्मों में अपना करियर बना रही थीं उसी दौरान उनका नाम कादिर खान से जुड़ा। फरवरी 2012, में पार्क स्ट्रीट पर एक चलती कार में एक एंग्लो-इंडियन महिला के साथ गैंग रेप किया गया था। इसके आरोप में कादिर खान समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया था। नुसरत 2012 में अपने ब्वॉयफ्रेंड कादिर से निकाह करने वाली थीं। उन्होंने पुलिस से पूछताछ के दौरान बताया था कि घटना के बाद वो कादिर खान से नहीं मिली थीं, जबकि पुलिस को जांच में मालूम पड़ा था कि दोनों ने मुंबई में एक कमरा बुक किया था। हालांकि ये रिश्ता जल्द ही खत्म हो गया था।
नुसरत जहां अपनी कथित शादी को लेकर भी चर्चा में रहीं। उन्होंने 2019 में विदेशी धरती पर निखिल जैन से शादी की थी। एक साल बाद नुसरत ने इस शादी को अवैध करार दिया। नुसरत ने एक बयान दिया कि निखिल के साथ उनकी शादी भारतीय कानूनों के तहत मान्य नहीं थी। निखिल जैन से अलग होने के बाद से ही यश और नुसरत के रिश्ते की अफवाहें उड़ने लगीं थी। नुसरत ने काफी समय तक अपने बच्चे के पिता की पहचान छुपाई रखी। लेकिन बाद में मीडिया के सामने बताया कि उनके बेटे के पिता यश हैं।
नुसरत 2019 में उस समय सुर्खियों में आईं जब उनका नाम उनके बचपन के दोस्त विक्टर घोष से जोड़ा गया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दोनों ने बहुत पहले ही शादी कर ली थी और निखिल से शादी करने के लिए विक्टर से तलाक ले रही हैं। हालांकि, नुसरत ने कभी भी अपने रिश्ते या उनसे शादी को स्वीकार नहीं किया। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि नुसरत को इस तलाक के लिए एक बड़ा मुआवजा भी देना पड़ा।
