Desh

Election Results 2022: भाजपा की जीत पर पीएम मोदी बोले- परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त हो रहा

विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में भाजपा गठबंधन बहुमत की ओर बढ़ रहा है। वहीं, गोवा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी के इस प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य शीर्ष नेता भी पार्टी मुख्यालय पर मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के अन्य नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद यहां पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं ने जिस प्रकार भाजपा को समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की। चुनाव  के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने ये विजयी पताका लहराई है। मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करता हूं। जनता-जनार्दन का दिल जीतने में, विश्वास जीतने में हम सफल रहे और पूरे पार्टी का नेतृत्व जिन्होंने किया। जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन किया, ऐसे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मैं अभिनंदन करता हूं, बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि सभी छोटे-मोटे कार्यकर्ताओं ने उनके अथक परिश्रम से एनडीए के लिए जीत का चौका लगाया है। साथियों उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए, लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी सीएम को दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्य यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट शेयर में वृद्धि हुई है। गोवा में सारे अनुमान गलत निकल गए। वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का अवसर दिया। 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है। राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दोबारा सत्ता में आई है। एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य और एक मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त राज्य और एक पूर्वोत्तर में स्थित राज्य। भाजपा को चारों तरफ से आशीर्वाद मिला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर लोगों को अपार विश्वास है। साथियों ये चुनाव नतीजे भाजपा की प्रो-पुअर, प्रोएक्टिव गवर्नेंस पर एक प्रकार से बड़ी मजबूत मुहर लगाते हैं। पहले जनता अपने ही हक के लिए सरकार के दरवाजे खटखटाती थी। बिजली, पानी, गैस, टेलिफोन। बहुत बुनियादी सुविधाओं, सामान्य जरूरतों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। पैसे देने पड़ते थे। कुछ साधन संपन्न लोगों तक सुविधा पहुंचने के रास्ते अलग थे। देश में गरीबों के नाम पर घोषणाएं बहुत हुईं। योजनाएं भी बहुत हुईं, लेकिन उस योजनाओं का जो हकदार था, उसके लिए ये हक उसको मिले, बिना परेशानी के मिले, उसके लिए गुड गवर्नेंस, डिलीवरी का बड़ा महत्व होता है, लेकिन भाजपा ये समझती है। मैं लंबे अरसे तक सीएम के नाते काम कर के आया हूं। इसलिए मुझे पता है कि आखिरी इंसान तक सुविधा पहुंचाने के लिए क्या करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब को भरोसा देती है कि प्रत्येक गरीब तक सरकार ने निर्णय की दी गई सुविधाएं जरूर पहुंचेंगी। मैं गरीब के घर तक उसका हक पहुंचाए बिना चैन से बैठने वाला इंसान नहीं हूं। उन्होंने कहा कि दो दशक से भी ज्यादा समय तक मुझे सेवा करने का अवसर मिला है। सरकार में कितनी दिक्कतें होती हैं, इसको भलि-भांति जानता हूं। इसके बावजूद मैंने जैसी हिम्मत की है, शायद कोई न कर पाए। वो हिम्मत मैंने लाल किले से अपने भाषण में व्यक्त किया था। 

उन्होंने कहा कि मैंने कहा था कि अब भाजपा को जहां जहां सेवा करने का अवसर मिलेगा, वहां उन योजनाओं के हकदारों को 100 फीसदी सैचुरेशन यानी हर योजना का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाने की हिम्मत की। नीयत साफ होती है, गरीबों के प्रति करुणा होती है, तो ऐसे निर्णय करने की ताकत हिम्मत पैदा होती है। हम हर गरीब तक पहुंचेंगे। शत-प्रतिशत लाभार्थी तक पहुंचेंगे। आज हम देश की महिलाओं, अपनी बहन-बेटियों को नमन करता हूं। चुनाव के नतीजों ने मेरी माताओं-बहनों बेटियों का बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं हो जाती थीं कि सब चिंता करते थे कि मोदी जी आप अपनी सुरक्षा क्यों नहीं करते? तो मैं यही कहता था कि स्त्री शक्ति का आशीर्वाद मुझे मिला है। भारत की मां बहन बेटियां निरंतर भाजपा पर विश्वास कर रही हैं। उन्हें विश्वास है कि सरकार उनकी छोटी से छोटी जरूरतों को भी ध्यान में रखती है। इन चुनाव के नतीजों ने एक बात और साफ कर दी है कि राज्यों की जनता को, मैं सभी ज्ञानियों को कहता हूं कि देश के विकास के लिए सभी पुरानी और घिसी पिटी रिपोर्टों को छोड़ दें। 

उन्होंने कहा कि मैं खुद दुख अनुभव करता था कि ज्ञानी लोग यूपी की जनता को सिर्फ जातिवाद के तराजू से तौलते थे। मैं समझता हूं कि यूपी के नागरिकों को जातिवाद की बाड़ेबंदी में बांध कर वे पूरे यूपी और उसके नागरिकों का अपमान करते थे। कुछ लोग ये कह कर यूपी को बदनाम करते हैं कि यहां के चुनाव में तो जाति ही जाति है, लेकिन यूपी के लोगों ने दिखा दिया है। 2014, 2017 और 2021 के बाद अब 2022 में देख रहे हैं कि हर बार यूपी के लोगों ने विकासवाद की राजनीति को ही चुना है। 

उन्होंने कहा कि यूपी के लोगों ने इनको सबक दिया है और ये सबक उन्हें सीखना होगा कि यूपी का व्यक्ति पढ़ा लिखा है। उन्होंने सबक दिया है कि जाति की गरिमा और जाति का मान देश को जोड़ने के लिए होना चाहिए, देश को तोड़ने के लिए नहीं होना चाहिए। ये यूपी के लोगों ने चार चुनाव में कर के दिखाया है। मैं ये भी कहूंगा कि 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ राजनीतिक ज्ञानियों ने कहा था कि भाई 2019 की जीत में क्या है, ये तो 2017 में ही तय हो गई थी। क्योंकि 2017 में यूपी का नतीजा आय़ा था। मैं मानता हूं कि इस बार ये ज्ञानी जरूर कहेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं।

नड्डा बोले- भाजपा को उत्तर प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया

Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top
%d bloggers like this: