Eyebrow Signs: भौंहों की बनावट न सिर्फ सौन्दर्य को प्रभावित करती है, बल्कि ये किसी भी इंसान के व्यक्तित्व को भी दर्शाती है। समुद्रशास्त्र के अनुसार, जिस प्रकार शरीर के अंगों की बनावट, रंग और आकार के आधार पर किसी भी व्यक्ति का स्वभाव, व्यवहार और उसके भविष्य के बारे में पता लगाया जा सकता है, ठीक उसी प्रकार किसी भी व्यक्ति की आंखों और भौहों की बनावट को देखकर उनके स्वभाव और जीवन के कई पहलुओं को जाना जा सकता है। इसलिए जरूरी है कि अपने भौहों पर भी ध्यान दें। हर किसी की भौहें उसके चेहरे की बनावट के अनुसार अलग-अलग होती हैं। जैसे- किसी की भौहें बहुत गहरी होती हैं, तो किसी की बहुत पतली। समुद्र शास्त्र के अनुसार, आज हम आपको बता रहे हैं कि किस प्रकार की भौहों वाले व्यक्ति का स्वभाव कैसा होता है और इनका भविष्य कैसा रहेगा। आइए जानते हैं…
मोटी और घनी भौहों वालों पर अधिक विश्वास नहीं करना चाहिए, क्योंकि ऐसे लोग अहंकारी होते हैं। इनमें धन के प्रति अधिक लालसा रहती है। ये किसी भी तरह धन अर्जन करने में विश्वास रखते हैं। कहा जाता है कि ऐसे लोगों को गुस्सा भी अधिक आता है और चालाक भी होते हैं।
जिन लोगों की भौहें हल्की होती हैं, उनमें संतोष की भावना रहती है। ये अपने आदर्श और सिद्धांतों पर कायम रह कर जीवन में आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं। कहा जाता है कि ऐसे लोग समझदार और ज्ञानी भी होते हैं। साथ ही आर्थिक मामलों में भी ये भाग्यशाली होते हैं।
कहा जाता है कि ऐसे लोग जिनकी भौंहें गहरे काले रंग की होती हैं, वे लोग बहुत प्रतिभावान, कला प्रेमी और महंगे शौक रखने वाले होते हैं। ये लोग अपने करियर को लेकर बहुत संजीदा होते हैं। साथ ही ये लोग जीवन में अच्छा मुकाम भी पाते हैं।
जिन लोगों की दोनों भौहें आपस में मिली होती हैं वह चतुर और संयमी होते हैं। ये लोग हमेशा अपनी तरक्की और अपने सपनों को पूरा करने के बारे में सोचते हैं। इन लोगों के लिए किसी से भी अपना काम निकलवा लेना आसान होता है।
