फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान (केआरके) हर मुद्दे पर बोलते हैं। बीते दिनों उन्होंने इलेक्शन पर जमकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। वहीं, अब वह फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री और कपिल शर्मा के विवाद में कूद पड़े हैं। कमाल आर खान ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने इस बात की जानकारी दी है कि विवेक रंजन कपिल शर्मा के शो में अपनी फिल्म का प्रमोशन करने क्यों नहीं पहुंचे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने वीडियो में ये भी बताया है कि इस पूरे विवाद में कपिल शर्मा की कोई गलती नहीं है।
क्या है विवाद?
कुछ समय पहले विवेक अग्निहोत्री ने एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने कपिल शर्मा के शो पर फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को प्रमोट ना करने का आरोप लगाया था। निर्देशक के इस एक ट्वीट ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया था। कपिल शर्मा और उनका शो यूजर्स के निशाने पर आ गया। हर कोई इस शो के बायकॉट की बात करने लगा था। इतना नहीं, लोगों ने कपिल शर्मा को भी खरी-खोटी सुनाई थी। इस विवाद पर कपिल शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कभी एक तरफा स्टोरी पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
केआरके ने क्या कहा?
वहीं, अब इस विवाद पर केआरके ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने सबसे पहले फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की बात की। इसके बाद उन्होंने इस विवाद पर कहा कि ये शो कपिल शर्मा का नहीं है। वह सिर्फ इस शो में एक्टिंग करते हैं और फिर अपने घर चले जाते हैं। इसी वजह से ये कपिल शर्मा के हाथ में नहीं है कि कौन इस शो में आएगा और कौन नहीं आएगा।
केआरके का दावा
इसके आगे केआरके ने वीडियो में दावा किया कि विवेक अग्निहोत्री की पीआर टीम ने सोनी टीवी से कपिल शर्मा के शो के लिए अप्रोच किया होगा। इस दौरान सोनी टीवी वालों ने विवेक अग्निहोत्री से 25 लाख रुपये मांग लिए होंगे। उनकी ये डिमांड सुनकर विवेक अग्निहोत्री ने कहा होगा कि इस फिल्म का बजट कम है। ऐसे में वह पैसे कहां से लाएंगे। फिल्म का प्रमोशन फ्री में होना चाहिए। इसी वजह से विवेक नाराज हो गए होंगे।
केआरके ने अपनी इस वीडियो में ये दावा किया है कि सोनी टीवी वाले हर फिल्म के प्रमोशन के लिए 25 लाख रुपये चार्ज करते हैं। हालांकि, केआरके की इस बात में कितनी सच्चाई है, ये तो कोई नहीं जानता है। लेकिन उनका ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
