बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और रणबीर कपूर आखिरकार आज शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। बुधवार को हुई मेहंदी सेरेमनी के बाद आज इस कपल की हल्दी सेरेमनी पूरी हो चुकी है। रणबीर कपूर के घर वास्तु में हुई हल्दी में एक्टर की मां नीतू कपूर, बहन रिद्धिमा कपूर साहनी, आलिया की मां सोनी राजदान, शाहीन भट्ट आदि शामिल हुए थे। इसी बीच अब रणबीर- आलिया की शादी से पहले अभिनेता की पूर्व प्रेमिका अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने रणबेलिया की शादी पर प्रतिक्रिया दी है।
दीपिका ने ब्रह्मास्त्र के निर्देशक अयान मुखर्जी द्वारा रणबीर- आलिया की शादी की पुष्टि करते हुए साझा किए गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। दरअसल, हाल ही में अयान मुखर्जी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर रणबीर- आलिया की अपकमिंग फिल्म के एक गाने की झलक साझा की थी। अयान रणबीर और आलिया की शादी से पहले फिल्म की झलकियां साझा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने फिल्म ब्रह्मास्त्र के पहले गाने केसरिया की एक झलक साझा करके कपल को शुभकामनाएं दीं।
शेयर की गई गाने की इस झलक में रणबीर और आलिया एक-दूसरे को निहारते नजर आ रहे हैं। अयान द्वारा शेयर किए इस वीडियो पर अब रणबीर कपूर के साथ रिलेशनशिप में रह चुकीं दीपिका पादुकोण ने प्रतिक्रिया दी। अभिनेत्री ने फिल्म निर्देशक के शेयर किए गए इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर लाइक किया है। हालंकि, उन्होंने शादी को लेकर किसी भी तरह की कोई टिप्पणी नहीं की है। लेकिन पोस्ट पर किए उनके लाइक को एक्ट्रेस की रणबेलिया के लिए शुभकामनाएं समझी जा रही है।
गौरतलब है कि रणबीर और दीपिका ने साल 2007 में एक- दूसरे को डेट करना शुरू किया था। दोनों के इस रिलेशन की शुरुआत उनकी फिल्म बचना ऐ हसीनों के सेट से हुई। हालांकि, दोनों का यह रिलेशन ज्यादा लंबा नहीं चल सका और दोनों अलग हो गए। कहा जाता है कि दीपिका ने कथित तौर पर रणबीर को कैटरीना कैफ के साथ धोखा देते हुए पकड़ा था। एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्होंने रणबीर को रंगे हाथों पकड़ा था।
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी की बात करें तो यह कपल 14 अप्रैल यानी आज शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। इस बारे में खुद रणबीर कपूर की मां नीतू कपूर ने जानकारी दी है। हाल ही में पैपराजी से बात से करते हुए नीतू कपूर और बहन रिद्धिमा कपूर ने बताया था कि रणबीर और आलिया गुरुवार, 14 अप्रैल को उनके घर वास्तु में शादी करेंगे। इसी क्रम में कपल की हल्दी सेरेमनी पूरी हो चुकी है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबेलिया परिवार और खास दोस्तों की मौजूदगी में 2 बजे सात फेरे लेंगे।
