Desh

साहित्य अकादमी अवार्ड 2021: हिंदी में दया प्रकाश सिन्हा और अंग्रेजी में नमिता गोखले को पुरस्कार, युवा और बाल साहित्य पुरस्कार की भी घोषणा

देश की 20 भाषाओं की 20 किताबों को वर्ष 2021 के साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें सात किताबें कविता की, दो उपन्यास, पांच लघु कथाएं, दो नाटक और एक-एक जीवनी, आत्मकथा, आलोचना और महाकाव्य की हैं।

नमिता गोखले का अंग्रेजी भाषा में लिखा गया उपन्यास थिंग्स टु लीव बिहाइंड पुरस्कारों की सूची में शामिल है। इसके अलावा अनुराधा शर्मा पुजारी के असमिया उपन्यास इयत एखन आरोण्य आसिल को भी पुरस्कार के लिए चुना गया। 

साहित्य अकादमी संस्थान के सचिव डॉक्टर के श्रीनिवासराव ने बताया कि कविता के लिए चुनी गई किताबों में मवदेई गहाई लिखित खोरो सायो आर्व हिमालय (बोडो), संजीव वेरनकर की रक्तचंदन (कोंकणी), ऋषिकेष मलिक की सारीजैतिब अपेरा (ओड़िया), मितेश निर्मोही की मुगती (राजस्थानी), विंदेश्वरी मिश्र ‘विनय’ की श्रीजति शंखनादम किल कविता  (संस्कृत), अर्जुन चावला रचित नेना निंदख्रा (सिंधी) और गोरती वेंकन्ना लिखित वल्लनकितालम (तेलुगु) शामिल हैं।  

इसके अलावा दया प्रकाश सिन्हा के हिंदी नाटक ‘सम्राट अशोक’ और बंगाली में ब्रत्य बसु की ‘मीर जाफर ओ अनन्य नाटक’ को नाटक श्रेणी में पुरस्कार के लिए चुना गया है। लघु कथा श्रेणी में राज राही लिखित नम्मे तुनेल (डोंगरी), किरण गुराव की बालुच्या अवस्थंतराची डायरी (मराठी), खालिद हुसैन की सुलां दा सालन (पंजाबी), निरंजन हांसदा लिखित माने रेना अरहंग (संताली) और अंबाई लिखित सिवापुक कजुत्तु तान ओरु पेक्कैप परावी (तमिल) शामिल हैं।

डीएस नागभूषण लिखित गांधी कथाना (कन्नड़) को जीवनी, वली मोहम्मद और असीर कस्थावरी लिखित तवाजुन (कश्मीरी) को आलोचना एवं जॉर्ज ओन्नकूर लिखित हृदयारागांगल (मलयालम) को आत्मकथा श्रेणी में साहित्य अकादमी दिया जाएगा। छबिलाल उपाध्याय रचित महाकाव्य उषा अनिरुद्ध (नेपाली) भी पुरस्कृत किताबों की सूची में शामिल हैं।

आम सहमति अथवा बहुमत से जूरी ने लिया फैसला
श्रीनिवासराव ने बताया कि पुरस्कार के लिए हर भाषा में तीन-तीन लोगों की जूरी गठित की गई थी और पुरस्कार के लिए किताबों का चयन या तो आम सहमति से अथवा बहुमत से किया गया। साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कम्बार की अध्यक्षता में आयोजित अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में गुरुवार को इस सूची को मंजूरी दी गई। गुजराती, मैथिली, उर्दू और मणिपुरी भाषाओं के पुरस्कार बाद में घोषित किए जाएंगे। पुरस्कार एक जनवरी 2015 से 31 दिसंबर 2019 के दौरान पहली बार प्रकाशित पुस्तकों को दिया गया है। 

हिमांशु वाजपेयी को साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार
साहित्य अकादमी ने गुरुवार को 2021 के लिए युवा पुरस्कार और बाल साहित्य पुरस्कार में से प्रत्येक के 22 विजेताओं की सूची की घोषणा की। साहित्य अकादमी ने एक बयान में कहा कि मेघा मजूमदार ने अपने पहले उपन्यास “ए बर्निंग” के लिए युवा पुरस्कार जीता और हिमांशु वाजपेयी ने “किस्सा किस्सा लखनउवा-लखनऊ के अवामी किस्से” नामक लघु कथाओं के संग्रह के लिए यह पुरस्कार जीता। उर्दू के लिए उमर फरहत को उनके काव्य संग्रह ‘जमीन जाद’ तथा पंजाबी के लिए वीरदेविंदर सिंह को उनके निबंध संग्रह ‘पा दे पैलां के लिए पुरस्कार देने का एलान किया गया है। 

साहित्य अकादमी बाल साहित्य पुरस्कार 2021
श्रीनिवास राव ने बताया कि साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार, 2021 कविता की नौ पुस्तकों, पांच उपन्यासों, छह लघु कथाओं और एक-एक निबंध और नाटक के लिए दिया जाएगा। कविता संग्रह के लिए युवा पुरस्कार के विजेताओं में गौरब चक्रवर्ती (बंगाली), गौतम दैमारी (बोडो), अरुण आकाश देव (डोगरी), एच लक्ष्मी नारायण स्वामी (कन्नड़), श्रद्धा गरद (कोंकणी), लेनिन खुमानचा (मणिपुरी), अमित मिश्रा (मैथिली), थगुल्ला गोपाल (तेलुगु) और उमर फरहत (उर्दू) के नाम शामिल हैं।

उपन्यास के विजेताओं में दृष्टि सोनी (गुजराती), मोबिन मोहन (मलयालम), प्रणव सखादेव (मराठी) और कुना हंसदा (संताली) शामिल हैं। अन्य विजेताओं में अभिजीत बोरा (असमिया), रजी ताहिर भगत (कश्मीरी), महेश दहल (नेपाली), श्वेतपद्मा शतपति (संस्कृत), राकेश शेवानी (सिंधी), वीरदेविंदर सिंह (पंजाबी) और देबब्रत दास (उड़िया) के नाम शामिल हैं।

बयान में कहा गया है कि तमिल के लिए युवा पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी और इस साल राजस्थानी में कोई पुरस्कार नहीं दिया जाएगा। अंग्रेजी में अनीता वच्छरजनी को उनकी जीवनी पुस्तक “अमृता शेर-गिल: रिबेल विद ए पेंटब्रश” के लिए बाल साहित्य पुरस्कार, 2021 के प्राप्तकर्ता के रूप में नामित किया गया है। हिंदी लेखक देवेंद्र मेवाड़ी ने अपने  “नाटक नाटक में विज्ञान” नामक नाटक के लिए पुरस्कार जीता। 

इनके अलावा अनमोल झा (मैथिली), सुदर्शन अंबाटे (नेपाली), दिगराज ब्रह्मा (उड़िया), सोवा हांसदा (संताली), किशन खुबचंदानी ‘रंजयाल’ (सिंधी) और कौसर सिद्दीकी (उर्दू) को कविता का विजेता घोषित किया गया।

बाल साहित्य पुरस्कार, 2021 के अन्य प्राप्तकर्ताओं में मृणाल चंद्र कलिता (असमिया), सुनीरमल चक्रवर्ती (बंगाली), रत्नेश्वर नारजारी (बोडो), नरसिंह देव जामवाल (डोगरी), बसु बेविनागिडा (कन्नड़), मजीद मजाजी (कश्मीरी), सुमेधा कामत देसाई (कोंकणी), रघुनाथ पलेरी (मलयालम), निंगोमबम जदुमनी सिंह (मणिपुरी), संजय वाघ (मराठी), कीर्ति शर्मा (राजस्थानी), आशा अग्रवाल (संस्कृत), मु. मुरुगेश (तमिल) और देवराजू महाराजू (तेलुगु) के नाम शामिल हैं।

यह मिलेगा पुरस्कार में
मुख्य पुरस्कार विजेता को पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपये की राशि तथा युवा पुरस्कार, बाल साहित्य पुरस्कार विजेताओं को एक उत्कीर्ण ताम्रफलक और 50 हजार रुपये की राशि एक विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top
%d bloggers like this: