videsh

यूक्रेन-रूस जंग के दस दिन, 10 तस्वीरें : कीव-सूमी और चेर्निहीव में हवाई हमलों का अलर्ट, कई शहर पहले ही बर्बाद, 12 लाख से ज्यादा लोग बेघर

शनिवार को 10वें दिन भी यूक्रेन पर रूसी हमले जारी रहे। रूसी सेना ने राजधानी कीव समेत ओडेसा, लवीव, माइकोलेइव शहरों को निशाना बनाया। शनिवार को रूस ने कीव के साथ सूमी और चेर्निहीव शहरों के मुख्य इलाकों में हवाई हमलों का अलर्ट जारी किया। 10 दिन के भीतर रूस में 12 लाख लोग बेघर हो चुके हैं, कई बेगुनाह मारे जा चुके हैं और कई शहर, घर व मोहल्ले तबाह हो चुके हैं।

रूसी सेना कीव को चारों तरफ से घेर चुकी है और राजधानी पर नियंत्रण की लड़ाई इस युद्ध का अंतिम मोड़ होगी। कीव के अलावा यूक्रेन के कई शहरों में रूस के सैनिक मौजूद हैं। रूस की सेना या तो शहरों को अपने नियंत्रण में ले रही है अथवा उन्हें तबाह कर रही है। कीव की सड़कों पर अभी रूस के टैंक नहीं हैं, लेकिन यूक्रेन के कई शहरों में रूस के टैंक, रॉकेट और मिसाइलों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है।

विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यदि कीव पर कब्जा नहीं हो पाया तो युद्ध कई दिन और लंबा खिंच सकता है। उधर, यूक्रेन के चेर्निहीव और सूमी शहरों में हवाई हमले का अलर्ट जारी होने के बाद से इन शहरों में शनिवार को दहशत मची रही। निवासियों को निकटतम आश्रय स्थलों में जाने की चेतावनी दी गई है। 

मैरियुपोल के मेयर वादिम बॉयचेंको ने कहा, कई दिनं तक हमलों के बाद रूसी सेना ने शहर को बंद कर दिया है। सीएनएन ने बताया, 4.5 लाख की आबादी वाला दक्षिण-पूर्वी मैरियुपोल शहर रूसी सेना के लिए रणनीतिक महत्व का है क्योंकि यहां वे क्रीमिया को दक्षिणी रूस से जोड़ने वाले एक जमीनी गलियारे पर काम कर सकते हैं।

रूस के 50 कुलीन लोगों पर अमेरिकी प्रतिबंध

अमेरिका में बाइडन प्रशासन ने रूस के दिग्गज कारोबारियों और राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के निकट सहयोगियों पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। अमेरिका ने यूक्रेन पर हमले का आदेश देने के लिए पुतिन को निशाना बनाने की नई कोशिशों में क्रेमलिन के प्रेस सचिव दिमित्री पेस्कोव समेत रूसी कुलीन वर्ग के 50 लोगों और उनके परिवारों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि प्रतिबंध उन लोगों को लक्षित करेंगे, जो रूसी कारोबारियों के साथ अवैध तरीके से संबद्ध हैं।

उन्होंने कहा, आज, मैं घोषणा कर रहा हूं कि हम सूची में दर्जनों और नाम जोड़ रहे हैं, जिसमें रूस के सबसे धनी अरबपति भी शामिल हैं। मैं, 50 से अधिक रूसी कुलीन वर्गों के लोगों, उनके परिवारों और उनके करीबी सहयोगियों के अमेरिका की यात्रा करने पर भी प्रतिबंध लगा रहा हूं। उन्होंने कहा, हम लगातार रूसी राष्ट्रपति और उनके सभी करीबी लोगों पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा रहे हैं, ताकि उनकी प्रौद्योगिकी और वैश्विक वित्तीय प्रणाली तक पहुंच बंद हो सके।

एलीशर उस्मानोव और बोरिस अर्कडी जैसों पर भी पाबंदी

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने बाइडन प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित रूस के कुछ लोगों के नामों का खुलासा किया है। इनमें एलीशर उस्मानोव, बोरिस अर्कडी और इगोर रोटेनबर्ग, उनके परिवार के सदस्यों का नाम शामिल है। प्रतिबंधों में क्रेमिलन के प्रेस सचिव दिमित्री पेस्कोव र रूसी कारोबारा येवगेनी प्रिगोझिन भी शामिल हैं। ये सभी पुतिन के बेहद करीबी माने जाते हैं।

व्हाइट हाउस ने पुतिन की हत्या संबंधी सांसद ग्राहम के बयान से बनाई दूरी

अमेरिका के दक्षिण कैरोलिना से सांसद लिंडसे ग्राहम अपने उस बयान पर निंदा झेल रहे हैं, जिसमें उन्होंने यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए रूसी लोगों से राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की हत्या करने का आह्वान किया था। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा, यह अमेरिका सरकार का रुख नहीं है।

ग्राहम ने ट्वीट किया था, इसे (पुतिन) जो लोग रोक सकते हैं वह है रूस की जनता। युद्ध समाप्त करने के एक ही तरीका है कि रूस में कोई शख्स पुतिन की हत्या कर दे। आप अपने देश और पूरे विश्व के लिए महान सेवा करेंगे। टेक्सास से रिपब्लिकन पार्टी के सांसद टेड क्रूज ने इसे ‘बेहद बुरी सोच’’ बताया। जॉर्जिया से सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन ने कहा कि ग्राहम का बयान ‘गैर जिम्मेदाराना और खतरनाक’ है।

Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top
%d bloggers like this: