videsh

Russia Ukraine War LIVE: रूस का दावा- हाइपरसोनिक मिसाइल से नष्ट किया यूक्रेन के हथियारों का जखीरा, नॉर्वे में युद्धाभ्यास के दौरान गायब हुआ अमेरिकी विमान

02:48 PM, 19-Mar-2022

अमेरिका में अब नहीं होगा रूस के विमानों का मेंटेनेंस

अमेरिका ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच बड़ा ऐलान किया है। बाइडन प्रशासन का कहना है कि रूस की ओर से इस्तेमाल किए गए सौ एयरक्राफ्ट का मेंटेनेंस प्रतिबंधित कर दिया गया है। इनमें रूस के अरबपति कारोबारी रोमन अब्राहमोविच का विमान भी शामिल है।

02:22 PM, 19-Mar-2022

रूसी सेना के हमले के बीच जेपोरिज्जिया में कर्फ्यू

यूक्रेन में रूसी हमलों की बढ़ती तीव्रता के बीच जेपोरिज्जिया में कर्फ्यू लगा दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जेपोरिज्जिया में 21 मार्च की शाम 6 बजे तक के लिए कर्फ्यू लगा रहेगा।

01:51 PM, 19-Mar-2022

जर्मनी की कंपनी ने रोका उत्पादन

जर्मनी की कंपनी बॉश (Bosch) ने रूस स्थित अपने प्लांट में उत्पादन रोक दिया है। बॉश की ओर से कहा गया है कि इस तरह की जानकारी मिली थी कि इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल सेना की ओर से किया जा रहा है. इसे देखते हुए हमने उत्पादन रोकने का फैसला किया है।.

01:22 PM, 19-Mar-2022

अमेरिकी सीमा में प्रवेश के लिए यूक्रेन के नागरिकों को इजाजत, रूसियों को नहीं

रूस के लगभग तीन दर्जन शरणार्थियों को शुक्रवार को अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जबकि यूक्रेन के नागरिकों के एक समूह को सीमा पार जाने दिया गया। यह दृश्य रूस और यूक्रेन के नागरिकों के साथ चुपचाप हो रहे अचूक बदलाव को दर्शाता है। रूस और यूक्रेन के नागरिक पर्यटकों के रूप में मेक्सिको में प्रवेश करते हैं और अमेरिका जाने की उम्मीद में तिजुआना के लिए उड़ान भरते हैं। मेक्सिको के साथ सबसे व्यस्त अमेरिकी सीमा पर 34 रूसी शुक्रवार तक कई दिनों तक डेरा डाले थे, दो दिन बाद तिजुआना शहर के अधिकारियों ने विनम्रतापूर्वक उनसे वहां से चले जाने का आग्रह किया। कुछ दिन पहले तक कुछ रूसियों को सैन यसिड्रो क्रॉसिंग पर अमेरिका में प्रवेश कराया गया था, जबकि कुछ यूक्रेनियों को रोका गया था। लेकिन शुक्रवार तक रूसियों को जाने से मना कर दिया गया जबकि यूक्रेन के लोगों को कुछ समय के इंतजार के बाद वापस भेज दिया गया।

12:49 PM, 19-Mar-2022

रूस का दावा- यूक्रेन के हथियारों के डिपो पर दागी हाइपरसोनिक मिसाइल

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने यूक्रेन के एक बड़े भूमिगत हथियारों के डिपो पर हाइपरसोनिक मिसाइल से हमला किया। इस हमले में यूक्रेन की मिसाइलें और एयरक्राफ्ट से जुड़े हथियार नष्ट हो गए।

12:21 PM, 19-Mar-2022

नॉर्वे में प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान लापता हुआ अमेरिकी विमान

नॉर्वे का प्रशासन शुक्रवार को अमेरिकी नौसेना के उस विमान की तलाश करती दिखी जो प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान लापता हो गया। नॉर्वे की सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि नौसेना का विमान ‘ऑस्प्रे’ शुक्रवार रात को लापता होने के कारण आर्कटिक सर्कल नगरपालिका बोडो पर नहीं उतरा। बयान के मुताबिक इसके बाद असैन्य संयुक्त बचाव समन्वय केंद्र उत्तरी नॉर्वे ने एक खोज और बचाव अभियान शुरू किया। नॉर्वे की सेना ने शुक्रवार देर रात कहा कि बोडो के दक्षिण में खोज हवाई माध्यम से की गई। यह भी कहा गया, ‘‘मौसम की स्थिति के कारण हवाई माध्यम से मौके पर पहुंचना संभव नहीं है।’’ इस अभ्यास के तहत नाटो के सदस्य देशों के सैनिक भीषण ठंड के बीच नॉर्वे की सेना के साथ ‘‘प्रशिक्षण और संचालन’’ कर रहे थे। नॉर्वे के मुताबिक इस अभ्यास की सूचना ‘यूक्रेन युद्ध’ से बहुत पहले दे दी गई थी।

11:59 AM, 19-Mar-2022

यूक्रेन का दावा- बम-गोलों और बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने में सालों लगेंगे

यूक्रेन के गृह मंत्री डेनिस मोनास्तिरिस्की ने शुक्रवार को कहा कि रूसी बलों द्वारा देश में बरसाये गए उन बम-गोले और बरूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने में सालों लगेंगे, जो फट नहीं पाए हैं। घिर चुके कीव में ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से बातचीत में मोनास्तिरिस्की ने कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद इस भारी-भरकम काम को अंजाम देने के लिए यूक्रेन को पश्चिमी देशों की मदद की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा, “यूक्रेन पर बड़ी संख्या में बम-गोले बरसाए गए हैं। इनमें से कई में विस्फोट नहीं हो सका था। मलबे के नीचे दबे ऐसे हथियार एक वास्तविक खतरा हैं। इन्हें निष्क्रिय करने में महीनों नहीं, वर्षों लगेंगे।”

11:35 AM, 19-Mar-2022

रूस की मदद करने के गंभीर परिणाम होंगे, जिनपिंग से बोले बाइडन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग को वीडियो कॉल कर बताया कि अगर चीन यूक्रेनी शहरों पर भीषण हमले कर रहे रूस को मदद मुहैया कराता है, तो इसके क्या निहितार्थ और नतीजे हो सकते हैं। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों नेताओं में वीडियो कॉल पर लगभग दो घंटे तक हुई बातचीत के दौरान यूक्रेन में रूस के विशेष सैन्य अभियान पर केंद्रित थी।

 

10:54 AM, 19-Mar-2022

यूक्रेन: युद्धग्रस्त पूर्वी यूक्रेन शहर क्रामटोरस्क की तस्वीरें।

10:20 AM, 19-Mar-2022

अजोव सागर से यूक्रेन का संपर्क कटा

यूक्रेन के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उनके देश का संपर्क अजोव के सागर से कट गया है। उन्होंने बताया कि रूस की फौज ने मारियूपोल के बंदरगाह पर कब्जा करने के साथ डोनेत्स्क के कई अहम केंद्रों पर कब्जा किया है, जिसके चलते यूक्रेन को दिक्कत हो रही है। 

09:57 AM, 19-Mar-2022

जापान के पीएम से मिलेंगे मोदी, रूस-यूक्रेन मुद्दे पर चर्चा संभव

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा शनिवार को भारत पहुंच चुके हैं। यहां वे 14वें भारत-जापान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और भारतीय समकक्ष पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। खबर है कि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन पर रूस के आक्रमण और चीन के साथ संबंधों के मुद्दा खासतौर से चर्चा होगी। 

09:34 AM, 19-Mar-2022

यूक्रेन पर हमले के बीच रूस ने रॉकेट का प्रक्षेपण किया

रूस ने शुक्रवार को अपने एक रॉकेट का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। इसमें तीन अंतरिक्ष यात्री सवार हैं, जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) जाएंगे। रूसी अंतरिक्ष निगम रोसकॉसमोस के अंतरिक्ष यात्री ओलेग अर्तेम्येव, डेनिस मैतवेयेव और सर्गेई कोरसाकोव सोयुज एमएस-21 अंतरिक्ष यान से शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम आठ बजकर 55 मिनट पर कजाकिस्तान के बैकोनेर प्रक्षेपण केंद्र से रवाना हुए और सुरक्षित तरीके से निर्धारित कक्षा में पहुंच गए हैं। यान के शुक्रवार देर रात अंतरिक्ष केंद्र पहुंचने की संभावना है। यूक्रेन के खिलाफ 24 फरवरी को शुरू की गई सैन्य कार्रवाई के बाद पहली बार रूस ने अंतरिक्ष यात्रियों को रवाना किया है।

09:11 AM, 19-Mar-2022

फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्राध्यक्षों ने की संघर्ष विराम की अपील

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से मारियूपोल की घेराबंदी हटाकर मानवीय मदद पहुंचाने की अनुमति देने और तत्काल संघर्ष विराम का आदेश देने की अपील की। मैक्रों ने पुतिन से फोन पर 70 मिनट तक बात की। इससे पहले, दिन में पुतिन ने जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्ज से फोन पर बात की थी। शोल्ज ने भी पुतिन से तत्काल संघर्ष विराम का अनुरोध किया।

08:50 AM, 19-Mar-2022

Russia Ukraine War LIVE: रूस का दावा- हाइपरसोनिक मिसाइल से नष्ट किया यूक्रेन के हथियारों का जखीरा, नॉर्वे में युद्धाभ्यास के दौरान गायब हुआ अमेरिकी विमान

यूक्रेन के अधिकारियों से वार्ता कर रहे रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ने कहा है कि यूक्रेन के तटस्थ दर्जे को लेकर दोनों पक्ष समझौते के करीब पहुंच गए हैं। यूक्रेन के साथ कई दौर की वार्ता करने वाले रूसी प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष व्लादिमीर मेदिंस्की ने शुक्रवार को कहा कि दोनों पक्ष यूक्रेन के नाटो में शामिल होने की कोशिश को छोड़ने और तटस्थ रुख अख्तियार करने को लेकर उत्पन्न मदभेदों को पाटने के करीब पहुंच रहे हैं।

Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top
%d bloggers like this: