वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, प्योंग्यांग
Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र
Updated Fri, 17 Dec 2021 12:41 PM IST
सार
उत्तर कोरिया के एक नागरिक ने कहा, “शोक के 11 दिन के दौरान अगर किसी की मौत भी हो जाती है, तो उसके परिवारवालों का जोर-जोर से रोने की भी इजाजत नहीं है। इसके अलावा उसके शव को तभी अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा सकता है, जब शोक के 11 दिन पूरे हो जाएं।
उत्तर कोरिया में किम जोंग-उन के पिता और पूर्व तानाशाह किम जोंग-इल की 10वी पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
– फोटो : Social Media
ख़बर सुनें
विस्तार
उत्तर कोरिया ने नागरिकों पर 11 दिन के लिए हंसने, शराब पीने और खरीदारी पर जाने का बैन लगाया है। तानाशाह किम जोंग-उन ने यह आदेश शुक्रवार को अपने पिता किम जोंग-इल की 10वीं पुण्यतिथि के मौके पर जारी किया। बताया गया है कि किम ने शुक्रवार से लेकर अगले 11 दिनों तक देश में राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इसी के चलते नागरिकों की सभी फुर्सत में की जाने वाली गतिविधियों को इस अवधि के लिए रोक दिया गया है।
उत्तर कोरिया के कई नागरिकों ने तानाशाह की ओर से लागू इन प्रतिबंधों की पुष्टि भी की है। रेडियो फ्री एशिया ने देश के सीमाई क्षेत्र में मौजूद सिनुइजु शहर के रहवासियों के हवाले से बताया कि आम लोग रोजमर्रा के सामान खरीदने के लिए घर से बाहर नहीं जा सकते। नियम तोड़ने वालों की गिरफ्तारी के साथ उन्हें सख्त सजा दिए जाने का भी प्रावधान है।
एक नागरिक ने नाम न उजागर करने की शर्त पर कहा, “पहले भी किम जोंग-इल की पुण्यतिथि पर जो लोग शराब पीते या नशे की हालत में मिलते थे, उन्हें गिरफ्तार कर के अपराधियों की तरह रखा जाता था। कई लोगों की तो गिरफ्तारी के बाद कोई खोज खबर भी नहीं मिली।”
इस नागरिक ने आगे कहा, “शोक के 11 दिन के दौरान अगर किसी की मौत भी हो जाती है, तो उसके परिवारवालों का जोर-जोर से रोने की भी इजाजत नहीं है। इसके अलावा उसके शव को तभी अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा सकता है, जब शोक के 11 दिन पूरे हो जाएं। शोक की अवधि के दौरान लोग जन्मदिन भी नहीं मना सकते।”
