कंगना रणौत का शो ‘लॉक अप’ आए दिन लोगों के बीच लोकप्रिय होता जा रहा है। जेल में नियम बनाने और उन्हें बदलने का अधिकार सिर्फ क्वीन कंगना के पास है। वहीं, नियम तोड़ने वालों को क्वीन की ओर से सजा भी दी जाती है। हाल ही में जेल में आए एक वाइल्डकार्ड को नियमों को तोड़ने की वजह से शो के बाहर कर दिया गया। ये वाइल्डकार्ड और कोई नहीं टेलीविजन के मशहूर अभिनेता चेतन हंसराज थे।
शो को मजेदार बनाने के लिए 20 मार्च को ही पहले वाइल्डकार्ड के रूप में चेतन हंसराज की धमाकेदार एंट्री हुई थी। चेतन पर खुद की मर्जी से विलेन बनने का चार्ज लगाया गया था। महज पांच दिन में ही चेतन के रवैये से परेशान होकर मेकर्स को उन्हें शो से बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा। दरअसल, चेतन जब से शो का हिस्सा बने थे, वह किसी भी नियम का पालन नहीं कर रहे थे।
आपको बता दें कि हाल ही में लॉक अप में दो और वाइल्डकार्ड की एंट्री हुई है, जिनमें एक मंदना करीमी और दूसरी अजमा हैं। दोनों के लॉक अप में आने के बाद ही शो और भी रोमांचक हो गया है। मुनव्वर फारूकी,निशा रावल, करणवीर बोहरा, अंजली अरोड़ा, पायल रोहतगी और सायशा शिंदे जैसे कलाकार शो का हिस्सा हैं। ‘लॉक अप’ को अल्ट बालाजी और एमएक्स प्लेयर पर प्रसारित किया जाता है।
