फिल्म की कहानी के साथ-साथ कुछ फिल्मों के कलाकार भी हमारे दिल में अपनी एक अलग पहचान बना लेते हैं। 2007 में आई साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म ‘तारे जमीन पर’ के बहुत कम बोलने वाले, अपने ही सवालों में उलझे रहने वाले ईशान अवस्थी ने भी अपने अभिनय कला से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना ली थी। इस किरदार में जान फूंकने वाले कलाकार का असल नाम दर्शील सफारी है। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान दर्शील की उम्र महज 10 साल थी। आज यानी 9 मार्च, 2022 को दर्शील 25 साल के हो गए हैं। आज उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं कि दर्शील इन 15 सालों में कितने बदल गए हैं और क्या कर रहे हैं। पढ़िए…
आज दर्शील सफारी अपना 25वां जन्मदिन मना रहे हैं। 15 सालों बाद दर्शील सफारी का लुक बिल्कुल बदल गया है। कई बार दर्शील सफारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी तस्वीरें साझा करते रहते हैं। इन तस्वीरों को देख फैंस के लिए इन्हें पहचान पाना मुश्किल हो जाता है कि यही ‘तारे जमीन पर’ के नन्हें ईशान अवस्थी हैं।
‘तारे जमीन पर’ में डिस्लेक्सिया से पीड़ित बच्चे की भूमिका निभाने वाले दर्शील सफारी कई शोज और सीरियल में नजर आ चुके हैं। उन्हें छोटे पर्दे और बड़े पर्दे दोनों में अपने अभिनय का प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही वह कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुके हैं। आखिरी बार दर्शील को टीवी शो बटरफ्लाइज में देखा गया था।
