शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न का निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। उनके अचानक निधन से पूरे खेल जगत के साथ बॉलीवुड भी स्तब्ध है। एक पुराने इंटरव्यू में शेन ने एक बार खुलासा किया था कि उनके पास बॉलीवुड का एक ऑफर है जो उनका इंतजार कर रहा है और एक अन्य इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था कि वह चाहते थे कि ब्रैड पिट या लियोनार्डो डिकैप्रियो उनकी ‘हॉलीवुड-आइस्ड’ बायोपिक में उनकी भूमिका निभाएं, जो भारतीय दर्शकों के लिए बनाई जा रही थी।
बॉलीवुड में आने की थीं खबरें-
साल 2015 में ऐसी चर्चा थी कि शेन को बॉलीवुड फिल्म में काम करना था। शेन ने भी आखिरकार इस खबर की पुष्टि कर दी थी। एक टूरिज्म विक्टोरिया कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान शेन ने पीटीआई से कहा, “एक प्रस्ताव है। कोई है, जिसके पास मेरे लिए कुछ है।”
इसके कुछ सालों के बाद शेन ने खुलासा किया था कि एक भारतीय प्रोडक्शन कंपनी उनकी बायोपिक के निर्माण के लिए बातचीत कर रही थी। हालांकि, बाद में कोविड-19 महामारी के कारण इसे रोक दिया गया था। शेन ने उस समय न्यूज डॉट कॉम को बताया था, “मुझे लगता है कि उम्मीद है कि साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में हम इसे फिर से उठाएंगे और देखेंगे कि क्या हो रहा है।” उन्होंने कहा कि वह चाहते थे कि फिल्म में लियोनार्डो डिकैप्रियो या ब्रैड पिट को लिया जाए।
उन्होंने बात करते हुए कहा था कि, “एक लड़के ने इसके बारे में एक स्क्रिप्ट लिखी है, यह कंपनी इसे शूट करना चाहती है, इसलिए यह मूल रूप से भारत के लिए एक हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग है और वे इसे मेरी कहानी पर आधारित कर रहे हैं कि कैसे हमने 2008 में रॉयल्स को एक साथ रखा और उन्होंने इसे ‘हॉलीवुड-आइस्ड’ किया है। खेल जगत से जुड़े लोगों के साथ ही कई बॉलीवुड हस्तियों जैसे शिल्पा शेट्टी, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, शिबानी दांडेकर, वरुण धवन और अन्य ने सोशल मीडिया पर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
![](/wp-content/uploads/2020/04/logo-news.jpg)