भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार कहे जाने वाले पवन सिंह का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। पवन का जन्म 5 जनवरी 1986 को आरा में हुआ था। वैसे इस साल पवन सिंह अपने जन्मदिन के मौके पर लंदन में है। भोजपुरी के तमाम एक्टर्स उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में अपने 16 साल के सफल करियर में काफी उतार-चढ़ाव देखे। आज हम उनके जन्मदिन के मौके पर उनसे जुड़ी कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
पवन सिंह एक्टर के साथ-साथ सिंगर भी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 11 साल की उम्र में की थी। उनका पहला एलबम ‘ओढ़निया वाली’ था। लेकिन, 2008 में आए एलबम ‘लॉलीपॉप लागेलू’ से वो रातों रात स्टार बन गए थे। वे अपने इस गाने से विदेशों में भी हिट हो गए।
उन्हें बचपन से गाने का शौक था। उन्होंने 2007 में आई फिल्म ‘रंगली चुनारिया तोहरे नाम’ में प्रमुख भूमिका निभाई थी। पवन सिंह गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे। शुरुआती दौर में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था लेकिन अब उनके पास वो सब कुछ है जिसका उन्होंने कभी सपना देखा था।
पवन सिंह ने दो शादियां की हैं। उनकी पहली शादी नीलम से हुई थी। नीलम ने शादी के छह महीने बाद ही 8 मार्च 2015 को मंबई में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका कई एक्ट्रेस के साथ नाम जुड़ा था। सबसे ज्यादा चर्चा अक्षरा सिंह के साथ अफेयर को लेकर हुई। हालांकि इन सभी खबरों को दरकिनार करते हुए पवन सिंह ने दोबारा परिवार की पसंद से शादी कर ली। उनकी दूसरी पत्नी का नाम ज्योति है।
पवन सिंह को तू लगावेलु जब लिपिस्टिक हिलेला आरा डिस्टिक, सानिया मिर्जा कट नथुनिया जान मारेला, लॉलीपॉप लागेलू जैसे गानों के लिए फेमस हैं। पवन सिंह की फिल्मों की बात करें तो उन्होंने त्रिदेव, पवन पुरबइया, एक दूजे के लिए, संग्राम, जिद्दी, सरकार राज, ले के आजा बैंड बाजा ए पवन राजा, वीर बलवान, जान लेबू का, गदर, सत्या, तेरे जइसा यार कहां, चैलेंज समेत कई हिट फिल्में की हैं।
